हैदरगढ़ (बाराबंकी)। बाराबंकी से हैदरगढ़ सवारी लेकर जा रही तेज रफ्तार अनुबंधित बस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के अंडरपास के निकट ट्रक से टकरा गई। इस सड़क हादसे में बस में सवार चार महिलाओं समेत 17 यात्री घायल हो गए। एक महिला को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। जबकि 10 अन्य को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। बस का गेट न खुल पाने की वजह से यात्री काफी देर तक अंदर ही कराहते रहे। क्रेन मंगाकर गेट उखड़वाया गया।
बाराबंकी डिपो की एक अनुबंधित बस शुक्रवार को सवारियों को लेकर हैदरगढ़ जा रही थी। नईसड़क से हैदरगढ़ के मार्ग पर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के अंडरपास के निकट बस डिवाइडर के कट से घूम रही ट्रक से जा टकराई। बस की गति तेज होने के कारण ड्राइवर ने ब्रेक ली मगर तब तक टक्कर हो चुकी थी। टक्कर के कारण बस का गेट ट्रक में दब गया। इमरजेंसी गेट भी नहीं खुल सका। इससे घायल सवारियां बस में पड़ी कराहती रहीं।
मौके पर जमा स्थानीय लोग भी उनकी कोई सहायता नहीं कर सके। लोगों ने एक्सप्रेस-वे की क्रेन से बस का गेट उखड़वाया तब जाकर घायल सवारियों को बाहर निकाला गया। परिचालक निकेश कुमार ने बताया कि बस में कुल 17 लोग बैठे थे। इसमें सभी को चोटें आई हैं।
मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने बहराइच के थाना कैसरगंज के चहलाद निवासी सरनम (29) इनके पति एसआई सर्वेंद्र यादव (32), वाराणसी मुस्लिम बस्ती की जीनत (52), थाना कोठी के बीरापुर निवासी दशरथ लाल (52) व इनकी पत्नी शैल कुमारी (50), बहराइच की सुमन (24) को एंबुलेंस से सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया गया।
जहां प्राथमिक उपचार कर जीनत को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। सूचना पर एआरएम राधेश्याम वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बस चालक चार दिन से बस चला रहा था। चालक को दोबारा बस ड्राइव करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रियों से बात करके अगर चालक दोषी पाया गया तो कार्रवाई होगी।
हादसेे में युवक की मौत के बाद हंगामा
जहांगीराबाद। ड्यूटी करके घर जा रहे युवक को एक वैन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। लोगों ने इसे लेकर आधा घंटे तक यातायात ठप रखा। यह हादसा जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में चंदौली गांव के पास बृहस्पतिवार की देर रात हुआ। रिलायंस फैक्टरी में ड्राइवर पद पर तैनात मझपुरवा निवासी वीर सिंह (40) रात 10 बजे ड्यूटी समाप्त करने के बाद घर जा रहा था।
चंदौली के पास उसे एक वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर चोटें आने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने रात में ही देवा रोड जाम कर दिया। हालांकि मौके पर पहुंची जहांगीराबाद पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। संवाद
बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, दो जख्मी
बाराबंकी। देवा-चिनहट मार्ग पर शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। इसमें एक को जिला अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। देवा थाना क्षेत्र में देवा-चिनहट मार्ग पर दोपहर करीब डेढ़ बजे मैनाहार गांव के पास दो बाइकें आपस में टकरा गईं।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने इन बाइकों पर सवार तीन घायलों को सीएचसी देवा पहुंचाया। जहां तीनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। जिला अस्पताल में अज्ञात के रूप में शव को दाखिल किया गया। अस्पताल प्रशासन परिवारीजनों के आने का इंतजार करता रहा। जबकि हादसे में घायल मोहित निवासी देवा समेत दो युवकों का इलाज जारी है। संवाद