बांदा। संदिग्ध हालात में युवक की ससुराल में मौत हो गई। ससुराल के लोग सोते समय कच्चा घर गिरने से मौत होना बता रहे हैं, मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। बताया कि पिछले माह पत्नी ने थाने में पति के खिलाफ मारने-पीटने की शिकायत की थी।
घटना चिल्ला थाना क्षेत्र के डिघवट गांव की है। तिंदवारी थाना क्षेत्र के जसईपुर गांव निवासी रामबाबू (35) बुधवार की दोपहर अपनी ससुराल डिघवट गांव गया था। रात में सोते समय करीब एक बजे बारिश के चलते कच्चा घर ढह गया। रामबाबू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया है। ससुराल वालों का कहना है कि पास में ही रामबाबू के दो साले भी सो रहे थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।
उधर, रामबाबू के भाई करन ने बताया कि रामबाबू की पत्नी सावित्री अगस्त से अपने मायके में है। मंगलवार की रात पत्नी ने फोन पर पति को बेटी की तबियत के बारे में बताया और पैसे की मांग की। रामबाबू कर्ज लेकर पैसे देने ससुराल गया था। उसने हत्या की आशंका जताई है। कहा कि पास में सो रहे दोनों साले को खरोंच तक नहीं आई। घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
यह भी बताया कि पत्नी ने पिछले माह तिंदवारी थाने में प्रार्थना पत्र देकर पति रामबाबू पर मारने-पीटने का आरोप लगाया था। पुलिस ने सुलह कराकर मामला रफा-दफा कर दिया था। इसके बावजूद पत्नी घर नहीं लौटी। रामबाबू प्राइवेट नौकरी करता था। तीन पुत्रियां हैं। पत्नी सावित्री गर्भवती बताई गई है। हालांकि थाना पुलिस भी हादसा बता रही है।