मतदाता जागरूकता रैली में दिव्यांग के नारे लगाने पर तालियां बजाते डीएम व अन्य अफसर। संवाद
- फोटो : BANDA
बांदा। वोट करेंगे वोट करेंगे, दारू-मुर्गा पर चोट करेंगे। मतदान की प्रेरणा देने वाले ऐसे कई नारे सोमवार को शहर की सड़कों पर गूंजते रहे। इस अलख जगाने की कमान डीएम अनुराग पटेल ने खुद संभाली। 80 दिव्यांग भी इस रैली का हिस्सा बने।
स्वीप कार्यक्रम के तहत दिव्यांगजन एवं सशक्तीकरण विभाग के तत्वाध्वान में विकास भवन से मतदाता जागरूकता रैली रवाना हुई। दिव्यांग अपनी ट्राई साइकिलों पर थे। डीएम सहित प्रशासन व अन्य विभागों के अफसर तालियां बजाते और नारे लगाते चले।
शहर की कई सड़कों से रैली गुजरी। माइक से एनाउंस कर रहे डीएम ने कहा कि इस चुनाव में 75 प्रतिशत प्लस हो मतदान। साथ ही यह भी कहा कि मतदान करके देश को सही प्रतिनिधि देने में सहयोगी बने। 23 फरवरी को बड़े पैमाने पर वोट डाले।
रैली में एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, उप निदेशक शैलेष श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट केशव नाथ गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर सौरभ बाबू, समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह सहित विभिन्न स्कूल कॉलेजों के प्रधानाचार्य, बीएसए, सीडीओ स्टेनो अनूप रावत, समाज कल्याण अधीक्षक जितेंद्र मिश्रा और दिव्यांगजन आईकॉन स्वीप जितेंद्र कुमार यादव (राजकीय दृष्टिबाधित इंटर कालेज, महोखर) आदि शामिल रहे।