बांदा। दो अलग-अलग सड़क हादसों में प्राइवेट कृषि कर्मी और प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। दोनों ही युवा उम्र थे। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। कृषि विभाग के प्राइवेट कर्मी की मौत के घटनास्थल पर आसपास के लोगों ने कुछ देर हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश की। वह सड़क किनारे खड़े होने वाले ट्रकों का विरोध कर रहे थे।
फतेहपुर जिले के सिधांव गांव का दीपू कुशवाहा (33) पुत्र जयपाल शनिवार की रात अतर्रा से बाइक पर बांदा आ रहा था। शहर में अतर्रा चुंगी चौकी के पास तेज रफ्तार बाइक ट्रक से टकरा गई। दीपू गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल लेते जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। मृतक के छोटे भाई अवधेश ने बताया कि दीपू कृषि विभाग में प्राइवेट तौर पर काम करता था।
शनिवार को अतर्रा से पेड़ लगवाने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। वह चार भाइयों में बड़ा था। उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। उधर, तिंदवारी थाना क्षेत्र के गोधनी गांव निवासी राकेश (30) पुत्र जयराम अपने चचेरे भाई राजू (25) पुत्र श्याम लाल के साथ मझिला गांव से बाइक में वापस घर जा रहे थे।
अनवान गांव के पास तेज रफ्तार बाइक ब्रेकर में उछलकर गिर गई। दोनों घायल हो गए। पुलिस दोनों को जिला अस्पताल ले जा रही थी, तभी रास्ते में राकेश की मौत हो गई। मृतक के भाई बाबू ने बताया कि राकेश हरियाणा में मजदूरी करता था।