बबेरू। ट्रैक्टर से खेत जोतने जा रहे चाचा पर निशाना साधकर भतीजे ने अपने घर की छत से तमंचे से गोली चला दी। निशाना चूक जाने से गोली ट्रैक्टर चालक की पीठ पर जा लगी। लहूलुहान हालत में उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पिता-पुत्र के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें तमंचा समेत गिरफ्तार कर लिया है। घटना की वजह जमीन का विवाद बताया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के सपहाई गुरौली गांव में दो भाइयों रामस्वरूप कुशवाहा और रामसागर कुशवाहा के बीच जमीन बंटवारे का विवाद चल रहा है। सोमवार को रामसागर ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने जा रहा था। ट्रैक्टर गांव का सुरेंद्र शुक्ला (28) पुत्र जगदीश शुक्ला चला रहा था।
ट्रैक्टर रामस्वरूप के घर के पास से गुजर रहा था तभी रामस्वरूप के पुत्र अखिलेश ने अपने मकान की छत से 315 बोर तमंचे से रामसागर पर निशाना साधकर फायर कर दिया। निशाना चूक जाने से गोली ट्रैक्टर चला रहे सुरेंद्र की पीठ में जा लगी। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुरेंद्र के भाई पुलिस ने आरोपी पुत्र को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। बबेरू कोतवाली इंस्पेक्टर जयश्याम शुक्ल ने बताया कि घायल के पिता जगदीश की तहरीर पर रामस्वरूप और उसके पुत्र अखिलेश के विरुद्ध धारा 307 व 504 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।