बांदा। बेटी की शादी की खरीदारी करने आ रहे बाइक सवार तीन लोगों को लोडर ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों बाइक सवार गंभीर घायल हो गए। उन्हें परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि लोडर टक्कर मारने के बाद पलट गया। ग्रामीणों ने लोडर चालक को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया।
कमासिन थाना क्षेत्र के राछा गांव निवासी देवराज (42) की पुत्री मीरा की 15 दिसंबर को शादी है। सोमवार को वह अपने भतीजों देवीदयाल (30) व देवीचरन (20) के साथ बाइक से ओरन बाजार करने जा रहा था। तभी मझींवा गांव के पास सामने से आए लोडर ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। जिससे तीनों गंभीर घायल हो गए। बाइक देवीदयाल चला रहा था। वह हेलमेट नहीं लगाए था।
उधर, हादसे में लोडर भी अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें सवार चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कमासिन थानाध्यक्ष जयचंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी चालक को पकड़कर लोडर कब्जे में लिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।