प्रसूता और शिशु को ई-रिक्शे पर अस्पताल ले जाते परिजन।
- फोटो : amarujala
महामाया पेंशन योजना का पैसा लेने आई गर्भवती का बैंक के बाहर विकास भवन परिसर में ही प्रसव हो गया। विकास भवन की महिला कर्मी और आसपास की महिलाओं ने आननफानन पर्दा करके प्रसव कराया। उधर, सूचना के बाद भी 108 एंबुलेंस नहीं आई। रिक्शे पर प्रसूता और शिशु को अस्पताल पहुंचाया गया।
मंगलवार को देहात कोतवाली क्षेत्र के चकचटगन की 28 वर्षीय मैना पत्नी अर्जुन विकास भवन परिसर स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण ब्रांच में महामाया योजना पेंशन का पैसा निकालने आई थी। इस बीच उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। पति साथ में था। इससे पहले कि वह उसे अस्पताल ले जाता मैना को वहीं प्रसव हो गया।
वहां खड़ी सरकारी जीप की आड़ लेकर विकास भवन में मौजूद महिलाओं ने प्रसव कराया। मैना ने बालिका को जन्म दिया। इस बीच वहां मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस के लिए फोन किया। लेकिन देर तक एंबुलेंस नहीं आई। प्रसूता और शिशु दोनों की ही हालत गड़बड़ा गई। उन्हें तत्काल भाड़े के ई-रिक्शे से अस्पताल पहुंचाया गया।