बांदा। बारिश से जिला अस्पताल की बिजली गुल हो गई। गुरुवार की रात नौ बजे अस्पताल कैंपस में लगे 630 केवीए ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो जाने से 16 घंटे बिजली गुल रही। स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हो, इसके लिए जनरेटर से सप्लाई दी गई। जनरेटर के हीट होने पर उसे भी बंद करना पड़ा। इससे पूरी रात और आधा दिन वार्डों में भर्ती मरीजों की आफत रही। सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड की सेवाएं ठप रहीं। महज चार ऑपरेशन ही किए जा सके।
गुरुवार की रात तकरीबन एक घंटे की झमाझम बारिश से रात नौ बजे जिला अस्पताल के कैंपस में लगे 630 केवीए ट्रांसफार्मर के इंसुलेटर में पानी पहुंच जाने वह धमाके के साथ फुंक गया। इससे पूरे जिला अस्पताल और ट्रामा सेंटर की बिजली गुल हो गई। इमरजेंसी सेवा को चालू रखने के लिए कैंपस में लगे एक हजार केवीए जेनरेटर से सप्लाई दी गई। वार्डों में जेनरेटर से सप्लाई न होने से वार्डों में भर्ती मरीज उमस भरी गर्मी में बिलबिला गए। पूरी रात यही आलम रहा।
दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह आठ बजे से ओपीडी शुरू होती है। तकरीबन 12 घंटे जनरेटर के चलने से वह भी हीट गया जिस पर उसे बंद करना पड़ा। इससे ओपीडी के डॉक्टर अपने-अपने कक्षों के बाहर मरीजों का उपचार करते रहे। दोपहर एक बजे के करीब ट्रांसफार्मर में आई कमी को दुरुस्त किया जा सका। तब जाकर सप्लाई शुरू हो सकी। बिजली गुल रहने से सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड जैसी सेवाएं बाधित रहीं। शुक्रवार को महज चार ऑपरेशन किए गए।
बिजली गुल रहने से पर्चा बनाने की प्रक्रिया समय से शुरू नहीं हो सकी। पर्चा न बनने से मरीज परेशान हो गए। शुक्रवार को सुबह 11 बजे जनरेटर दोबारा चलाया गया तब जाकर पर्चा बनना शुरू हो सका। इससे करीब तीन घंटे तक पर्चा बनने की प्रक्रिया ठप रही।
जिला अस्पताल कैंपस में इमरजेेंसी सेवा ट्राॅमा सेंटर में बिजली गुल होने की वजह से डॉक्टर एसी रूम छोड़कर बरामदे में कुर्सी और मेज डालकर मरीजों का इलाज करते रहे। ओटी में भी दुर्घटना और मारपीट में हुए घायलों का इलाज देरी से शुरू हो सका।
बारिश की वजह से अस्पताल कैंपस में लगे ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने की वजह से बिजली गुल रही है। हालांकि जनरेटर से इमरजेंसी सेवा को चालू रखने के लिए सप्लाई दी गई, लेकिन उसके भी हीट होने पर कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। दोपहर एक बजे फाल्ट सही हो पाया है। सिटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड की सेवाएं ठप रहीं। -डॉ. एसएन मिश्रा, सीएमएस, जिला अस्पताल पुरुष, बांदा।