बांदा। कमासिन थाना क्षेत्र के मंझनपुर (बीरा) गांव में खेत से अन्ना मवेशियों को खदेड़ते समय महिला की कुएं में गिरकर मौत हो गई। उसे बचाने की कोशिश में रस्सी टूट जाने पर बेटा और देवर कुएं में गिरने से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना की सूचना पर पत्नी को मायके छोड़कर वापस जाते समय मृतका के दामाद की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह बाइक में था। पुलिस को घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
मंझनपुर गांव निवासी कल्लू निषाद और उसकी पत्नी रज्जन देवी (36) व उसका पुत्र लवकुश (20) रविवार की रात खेत की रखवाली कर रहे थे। देर रात खेत में घुसे अन्ना मवेशियों को हांकते समय रज्जन देवी कुएं में जा गिरी। चीख सुनकर उसे बचाने के लिए पुत्र लवकुश रस्सी बांधकर कुएं में उतर गया। दूसरा सिरा उसका चाचा हरिश्चंद्र (35) पकड़े था। लवकुश मां रज्जन को लेकर आधी दूर पहुंचा था कि रस्सी टूट गई।
रज्जन और लवकुश फिर कुएं में गिर गए। हरिश्चंद्र भी कुएं में जा गिरा। शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों व परिजनों ने बमुश्किल तीनों को बाहर निकाला और पीएचसी ले गए। यहां डाक्टरों ने रज्जन देवी को मृत घोषित कर दिया। लवकुश और हरिश्चंद्र का इलाज हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
उधर, घटना की खबर पाकर फतेहपुर जनपद के कौहन (असोथर) गांव निवासी मंगल (26) पुत्र रामचंद्र निषाद अपनी पत्नी सोनम को लेकर मंझनपुर गांव आ गया। पत्नी को मायके में छोड़कर अगले दिन सुबह फिर आने की बात कहकर मंगल बाइक पर घर के लिए रवाना हो गया। तभी दांदौ रोड में अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। चंद घंटे में एक ही परिवार में दो मौतों से परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष सुभाष चौरसिया ने बताया कि दुर्घटना के बाद भाग निकले वाहन की खोजबीन की जा रही है।
चंद घंटे में मां और पति को गंवा बैठी सोनम सदमे में
बांदा। मात्र तीन घंटे में परिवार में दो जानें चली जाने से घरवाले बेसुध हैं। ग्रामीण भी शोकग्रस्त है। मां और पति को गंवाने वाली सोनम सदमें में है। बेहोश हो जाने पर कई बार डाक्टर को घर बुलाना पड़ा। परिजनों ने बताया कि सोनम की शादी लगभग तीन साल पूर्व हुई थी। मृतक पति गांव में दुकान के साथ खेतीबाड़ी करता था।
--------------
रज्जन देवी की फाइल फोटो- फोटो : BANDA