अतर्रा। टेस्ट की कापी जांचने के बहाने स्कूल के कमरे में बुलाकर तीन छात्राओं के साथ शिक्षक ने अश्लील हरकतें कीं। बालिकाओं ने घर जाकर आपबीती बताई तो अभिभावकों ने पुलिस को नामजद तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
बिसंडा थाना क्षेत्र और ओरन पुलिस चौकी अंतर्गत एक पुरवा निवासी 9, 13 व 16 वर्षीय तीन छात्राएं सोमवार को सुबह पूर्व माध्यमिक स्कूल गई थीं। वहां कार्यरत अध्यापक ने कापी जांचने के बहाने तीनों छात्राओं को कमरे में अलग-अलग बुलाकर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें कीं। दुष्कर्म का भी प्रयास किया। छात्राओं ने विरोध किया तो उन्हें फेल करने की धमकी दी गई। घटना के वक्त स्कूल में अन्य छात्र-छात्राएं नहीं थीं। ये आरोप छात्राओं के हवाले से उनके पिता ने पुलिस को दी तहरीर में लगाए हैं। बताया कि छात्राओं ने घर आने पर अध्यापक की करतूत बताई। धमकी से तीनों सहमी थीं। दोषी अध्यापक को जेल भेजने का अनुरोध किया।
बिसंडा थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडेय का कहना है कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ओरन चौकी प्रभारी रवि कुमार का कहना है कि छात्राओं के अभिभावकों ने तहरीर दी है। जांच की जा रही है। बिसंडा क्षेत्र के एबीएसए विजय बहादुर सचान का कहना है कि उन्हें जानकारी नहीं है। घटना सही होने पर शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।