बांदा। बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू हैं। केंद्र निर्धारण के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग विषय विशेषज्ञों के माध्यम से परीक्षार्थियों की काउंसिलिंग कराने जा रहा है। इसमें विषय विशेषज्ञ परीक्षार्थियों की विषय आधारित कठिनाइयों और शंका का समाधान करेंगे।
ऑनलाइन चलने वाली इस प्रक्रिया के लिए जिला व तहसील स्तर पर एक केंद्र की स्थापना की जाएगी। जिसमें परीक्षार्थी फोन के जरिए जुड़ कर परीक्षा संबंधी प्रश्न पूछ सकेंगे। अगले माह के पहले हफ्ते में इसकी शुरूआत होगी।
गणित, अंग्रेजी, विज्ञान आदि विषयों और परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं की शंका और जिज्ञासा का समाधान विशेषज्ञ करेंगे। बीएसएनएल बेसिक फोन (ब्रांडबैंड) से परीक्षार्थी ऑनलाइन इसमें शामिल हो सकते हैं। जिला व तहसील स्तर पर केंद्र खोले जाएंगे।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में 40,208 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 21,255 व इंटर के 18,953 परीक्षार्थी हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि मार्च के प्रथम सप्ताह तक पूल गठित कर ऑनलाइन परीक्षार्थियों की शंकाओं का समाधान किया जाएगा।