बांदा। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुई दो दिवसीय जनपद स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में सोमवार को पहले दिन जूनियर स्तर की 100 मीटर बालक दौड़ में नरैनी का मयंक प्रथम और कमासिन क्षेत्र का मोहित द्वितीय रहा। बालिका वर्ग में तिंदवारी क्षेत्र की रंजना को पहला स्थान मिला। बड़ोखर की कल्पना द्वितीय रही।
प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में 100 मीटर दौड़ में नरैनी क्षेत्र के विक्रांत गिरि और बालिका में कमासिन की रमा अव्वल रही। जूनियर बालिका वर्ग 200 मीटर दौड़ में बिसंडा क्षेत्र की अंजली प्रथम और तिंदवारी की रंजना द्वितीय रहीं। अत्यांक्षरी में महुआ क्षेत्र विजेता और तिंदवारी क्षेत्र की टीम उप विजेता बनी। गोला फेंक में बबेरू क्षेत्र के प्रतिभागी रूपेश को पहला और जसपुरा के प्रतिभागी पिंकू को दूसरा स्थान मिला। 200 मीटर बालक जूनियर दौड़ में नरैनी क्षेत्र के मयंक ने पहला और तिंदवारी क्षेत्र के प्रसन्न द्विवेदी ने दूसरा स्थान पाया। प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को होगा।