बांदा। जीआईसी ग्राउंड में हो रहे परमवीर सुपर लीग-2021 (सीजन-3) में मंगलवार को 10वें दिन पहले मैच में कैप्टन मनोज पांडेय की टीम और दूसरे मैच में लांस नायक करम सिंह की टीम ने अपने-अपने मैच जीत लिए। बेहतर प्रदर्शन पर मोहित सिंह और लोकेश को मैन आफ द मैच का खिताब मिला।
मंगलवार की सुबह टॉस जीतकर कैप्टन मनोज पांडेय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.5 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 137 रनों का स्कोर खड़ा किया। आशुतोष मिश्रा सर्वाधिक 39 व मोहित सिंह ने 30 रन बनाए। कैप्टन गुरुबचन सिंह सलारिया टीम के बल्लेबाज आसिफ अली और सौरभ सिंह ने 4-4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने पिच पर आई सलारिया टीम का प्रदर्शन निराशा जनक रहा। उसके सारे खिलाड़ी सिर्फ 59 रनों पर आउट हो गए। आसिफ अली और अमन द्विवेदी ने 15-15 रन बनाए। कैप्टन मनोज पांडेय की टीम के मोहित सिंह ने 4 और हिम्मत सिंह ने 3 विकेट गिराए। मोहित सिंह को मैन आफ द मैच घोषित किया गया। इस मैच में दोनों ही टीमें निर्धारित 20 ओवर पूरा करने से पहले ही आल आउट हो गईं।
दूसरा मैच लांस नायक करम सिंह और सूबेदार संजय कुमार की टीमों के बीच हुआ। टॉस जीतकर करम सिंह टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 10 विकेट गवां कर सिर्फ 123 रन बनाए। लोकेश ने सर्वाधिक 27 और रोहित जूनियर नाबाद 22 रनों का स्कोर बनाया। सूबेदार संजय कुमार टीम के बालर मिथलेश परिहार ने 3 और आदर्श सिंह ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य हासिल करने के लिए आई सूबेदार संजय कुमार की टीम 17 ओवर में सिर्फ 103 रनों पर ही आल आउट हो गई। अमित यादव ने 58 और आदर्श सिंह 13 रन बनाए। करम सिंह टीम के बालर सुयश सिंह ने 4 ओवर में 16 रनों पर 4 विकेट लिए। लोकेश ने 3 विकेट गिराए। करम सिंह की टीम 20 रनों से मैच जीत गई। लोकेश को मैन आफ द मैच घोषित किया गया।
इस दौरान अजय कुमार, ललित प्रताप, जीतेंद्र शुक्ला, सादिक अली, वैभव त्रिवेदी, प्रंशात सिंह, अजय पाल राजा, दीपेंद्र कुमार, प्रवीण चौहान, शमसुल हसन रिजवी आदि मौजूद रहे।