बांदा। देश के विभिन्न राज्यों से ट्रेनों द्वारा लाए जा रहे मजदूरों के दूसरे चरण में बुधवार को विशेष ट्रेन से यहां 1570 मजदूरों की आमद हुई। इनमें महिलाएं और बच्चे भी हैं। यह ट्रेन मंगलवार को बड़ोदरा से रवाना हुई थी। इसमें उत्तर प्रदेश के 56 जनपदों के 1570 श्रमिक शामिल हैं। बांदा मुख्यालय से उन्हें रोडवेज बसों से उनके गृह जनपद भेज दिया गया। इसके पहले यहां उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की गई।
8 मई को सूरत से 1205 मजदूरों को लेकर विशेष ट्रेन यहां आई थी। दूसरे चरण में मंगलवार को गुजरात के बड़ोदरा से रवाना हुई विशेष ट्रेन 1570 श्रमिकों को लेकर बुधवार को सुबह 6.10 बजे बांदा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-दो पर पहुंची। पूरा रेलवे स्टेशन पुलिस फोर्स से घिरा था।
सोशल डिस्टेंसिंग के मुताबिक मजदूरों को ट्रेन से उतारकर थर्मल स्क्रीनिंग की गई और फिर स्टेशन के बाहर खड़ी रोडवेज की 35 बसों में उन्हें उनके जिलों/गांवों को रवाना किया गया। इनमें बुंदेलखंड के 424 मजदूर शामिल थे। सबसे ज्यादा 320 मजदूर जालौन जिले के थे। कुछ मजदूरों के चेहरों पर थकावट तो अधिकांश के चेहरों पर घर वापसी की खुशी के भाव थे। कई मजदूर सपरिवार थे।
बड़ोदरा से आई श्रमिक ट्रेन में बुंदेलखंड के मजदूर
बांदा 26
हमीरपुर 21
जालौन 320
झांसी 33
ललितपुर 12
चित्रकूट 06
महोबा 06
योग 424
श्रमिक ट्रेन में अन्य जनपदों के मजदूर
बांदा। बड़ोदरा से आई श्रमिक ट्रेन में बुंदेलखंड के सातों जिलों समेत प्रदेश के कुल 56 जिलों के श्रमिक सवार थे। तहसीलदार अवधेश कुमार निगम ने बताया कि इनमें आगरा-06, प्रयागराज-85, आंबेडकर नगर-21, अमेठी-25, आजमगढ़-09, औरैया-20, बदायूं-01, बहराइच-14, बलिया-03, बलरामपुर-30, बुलंदशहर-1, बस्ती-44, चंदौली-45, छतरपुर-3, देवरिया-51, एटा-3, इटावा-3, फर्रुखाबाद-30, फतेहपुर-25, गोंडा-35, गाजीपुर-4, गोरखपुर-124, हरदोई-15, जौनपुर-40, कन्नौज-36, कानपुर-6, कासगंज-25, कौशांबी-1, कुशीनगर-11, लखनऊ-7, लखीमपुर-5, मेरठ-2, मथुरा- 1, मैनपुरी-5, मधौगढ़-1, महराजगंज-1, मऊ-12, मिर्जापुर-11, प्रतापगढ़-92, रायबरेली-141, श्रावस्ती-4, संत कबीर नगर-13, सीतापुर-2, सिद्धार्थ नगर-15, सुल्तानपुर-30, टीकमगढ़-1, उन्नाव-51, वाराणसी-16 शामिल हैं।
1600 और मजदूर तड़के ट्रेन से आएंगे
बांदा। गुजरात के सूरत से लगभग 1600 मजदूरों को लेकर बांदा तीसरी विशेष ट्रेन गुरुवार को तड़के पहुंचेगी। एडीएम संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि इनमें 1150 मजदूर बांदा के हैं। फतेहपुर के 170, हमीरपुर के 164, कौशांबी के 20 और अन्य चित्रकूट जिले के श्रमिक हैं। ट्रेन तड़के 2 बजे आएगी। मजदूरों के परीक्षण के लिए तीन स्वास्थ्य टीमें गठित की गई हैं।
बांदा स्टेशन पर ब्योरा दर्ज कराने के लिए गोले में खड़े श्रमिक।- फोटो : BANDA
बांदा स्टेशन पर थर्मल स्क्रीनिंग करते स्वास्थ्य कर्मी।- फोटो : BANDA