अतर्रा (बांदा)। गरीबों को अनाज बांटने के नाम पर 100-100 कुंतल गेहूं और चावल की मांग कर रहे सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी को जान से मारने की धमकी दी है। क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी समीर शुक्ला ने डीएम व संभागीय खाद्य नियंत्रक सहित जिला खाद्य विपणन अधिकारी को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि नरैनी विधायक के नाम पर गरीबों को वितरण के लिए भाजपा नेता 100-100 कुंतल गेहूं और चावल देने का दबाव बना रहे हैं।
उनके स्पष्ट इनकार कर देने पर मंगलवार की देर शाम उनके कार्यालय में दो लोग आए और विधायक के निर्देश की अवहेलना करने पर गंभीर परिणाम भुगतने के लिए धमकाया। जान से मारने की भी धमकी दी। इस घटना से वह आहत और सदमे में हैं। भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी ने उप जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, यूपी फूड एवं सिविल सप्लाई इंस्पेक्टर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष को भी पत्र भेजा है। उधर, नरैनी विधायक राजकरण कबीर का कहना है कि उनकी छवि को धूमिल करने की साजिश है। उन्हें बदनाम किया जा रहा है।