बांदा। तत्कालीन विधायक के आवास में उत्पीड़न और शोषण का शिकार होकर पूरे देश में चर्चित रही शीलू निषाद अपना जीवन साथी चुनने में चूक कर गई। इलाहाबाद में जिससे कोर्ट मैरिज की वह पहले से शादीशुदा निकला।
शीलू ने उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया। अब ताजे प्रकरण में शीलू ने उसके विरुद्ध जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के शहबाजपुर गांव की शीलू निषाद ने 15 सितंबर को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने 27 जनवरी 2018 को मध्यप्रदेश के दतिया निवासी राहुल निषाद से इलाहाबाद में कोर्ट मैरिज की थी।
शीलू के मुताबिक, राहुल ने उसे बताया था कि उसकी शादी नहीं हुई है। बाद में पता चला कि वह शादीशुदा है। विरोध करने पर राहुल ने उसे बुरी तरह पीटा। इस पर शीलू ने उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया। वह करीब 9 महीने जेल में रहा।
रिपोर्ट में शीलू ने कहा कि अब जेल से जमानत पर छूट आया है। चार पहिया वाहन में कई असलहाधारी बदमाशों के साथ खुद भी दोनाली बंदूक लेकर आता है और गोली से मारने व कुल्हाड़ी से काटने की धमकी दे रहा है।
आरोप लगाया कि मुकदमा वापस लेने को कह रहा है। राहुल के पिता पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शीलू ने अपनी जान का खतरा बताया है। गौरतलब है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर कई वर्षों से शीलू को पुलिस गनर मिला हुआ है।