अतर्रा में अवैध गुटखा फैक्ट्री में जांच करते वाणिज्य कर असिस्टेंट कमिश्नर रविंद्र कुमार और एसडी
- फोटो : BANDA
अतर्रा। ओरन रोड स्थित मानस चौक पर सील बंद अवैध गुटका फैक्ट्री का गुरुवार को अधिकारियों ने सील खुलवाकर सात मशीनों समेत कई बोरे माल बरामद किया है। कुल कितने बोरे माल बरामद किया गया है, इसकी अभी गिनती चल रही है।
सात जून को एसडीएम जेपी यादव और खाद्य विभाग की टीम ने ओरन रोड पर मानस चौक पर चल रही अवैध गुटका फैक्टरी पर छापा मारा था। यहां से सात जून को 55 लाख का माल बरामद किया गया था। इसके बाद अधिकारियों ने फैक्टरी को सील कर दिया था।
गुरुवार को सुबह वाणिज्य कर असिस्टेंट कमिश्नर रविंद्र कुमार, नायब तहसीलदार कमलेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नागेश कुमार ने गुटका कारोबारी मुन्ना साहू और लल्लू साहू पुत्रगण रामपाल साहू के मकान में नोटिस चस्पा कराई थी। गुरुवार की ही शाम एसडीएम जेपी यादव व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कटियार टीम के साथ फैक्टरी में पहुंचे और सील खुलवाकर फैक्टरी के अंदर मौजूद सात मशीनें और कई बोरे माल बरामद किया।
बोरों की गिनती चल रही है। फिलहाल कितने बोरे माल है, यह अधिकारी फिलहाल नहीं बता सके हैं। इस मौके पर नायब तहसीलदार कमलेश कुमार, बिसंडा थाने के एसआई अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कटियार ने बताया कि माल का मिलान करने के बाद संचालक के खिलाफ विधि संगत कार्रवाई की जाएगी। गुटका कारोबारी भूमिगत है।