बांदा। पुलिस ने सोमवार को आरटीओ कार्यालय के पीछे से दो क्विंटल गांजा के साथ सात लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में पांच जनपद और एक-एक हमीरपुर व महोबा जिले का रहने वाला है। 20 लाख का गांजा उड़ीसा प्रदेश से लाकर जिले में बेचने की तैयारी थी।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि अन्य राज्यों से गांजा लाकर जिले में बेचने की सूचनाएं काफी दिनों से मिल रही थीं। सोमवार को बबेरू रोड पर स्थित आरटीओ कार्यालय के पीछे ट्रक से बोलेरो और जाइलो कारों में गांजा लोड करने की सूचना मिली। इस पर एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने सभी सीओ , एसओजी तथा शहर कोतवाली पुलिस को अलर्ट किया। एसओजी और कोतवाली पुलिस ने ट्रक से छोटे वाहनों में गांजा लोड करते सात लोगों को पकड़ लिया। एसपी के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत
लगभग 20 लाख रुपये है। एसपी ने बताया कि पकड़ा गया गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था।
यह किए गए गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि कोतवाली देहात के जारी निवासी हरिओम वर्मा, बबेरू के पखलौली निवासी सोमदत्त कोरी, जीआईसी हास्टल के पीछे रहने वाले संगम साहू, कालिंजर के बरियापुर निवासी सनत पटेल, नरौली निवासी प्रमोद कुमार तिवारी, महोबा के खरेला निवासी राहुल तिवारी और हमीरपुर जिले के कैथी निवासी उमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओजी एसआई मयंक चंदेल, सिविल लाइन चौकी प्रभारी रवींद्र सिंह, मंडी समिति प्रभारी जयचंद्र सिंह, कोतवाली एसआई हरभजन सिंह सहित कोतवाली व एसओजी के कांस्टेबिल शामिल रहे।
हर माह गांजे की कई खेप आती थीं
ड्रग सिंडीकेट पुलिस को काफी दिनों से गच्चा दे रहे थे। यह बात एसपी ने खुद स्वीकारी। कहा कि कुछ दिनों से यह इनपुट मिल रहा था कि बांदा में गांजा लाया जा रहा है। यहां इसकी खपत हो रही है। इस पर ऑपरेशन ऑल क्लियर के तहत पुलिस टीमों को लगाया गया। एसपी ने बताया कि बड़े पैकट में गांजा भरा ट्रक उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होता हुआ बांदा पहुंचा। यह भी बताया कि हर माह 2-3 खेप आती रही है।
सिंडीकेट की लिस्ट तैयार, संपत्ति होगी जब्त
एसपी ने कहा कि गांजे के कारोबार से जुड़े लोगों की लिस्ट तैयार कर ली गई है। जांच-पड़ताल की जा रही है। इनकी अवैध संपत्ति जब्त होगी और सभी पर गैंगस्टर एक्ट लगेगा। पंचायत चुनाव में भी गांजे का इस्तेमाल हुआ था। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ड्रग सिंडीकेट सक्रिय हो गया था। अब इसकी कमर तोड़ी जाएगी।
सोमदत्त के पिता ने दी थी अपहरण की तहरीर
गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हुए कृषि महाविद्यालय के छात्र सोमदत्त कोरी को बीती रात एसओजी ने उठा लिया था। पिता रामकरन ने पुलिस को सोमदत्त के अपहरण की तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि 27 दिसंबर की रात को गायत्री नगर से निमंत्रण से लौटते समय रात करीब 11 बजे आरटीओ आफिस के पास अज्ञात वाहन पर सवार वाहन में बैठा ले गए। रामकरन उद्यान विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है।
Seven arrested with two quintals of ganja- फोटो : BANDA
Seven arrested with two quintals of ganja- फोटो : BANDA
Seven arrested with two quintals of ganja- फोटो : BANDA