अतर्रा। थाना क्षेत्र के बिसंडा रोड स्थित मूसानगर में 45 वर्षीय रिक्शा चालक का शव मिला। उसके दोनों हाथ पीछे बंधे थे। सिर पर गंभीर चोट थी। पत्थर मारकर हत्या के कयास लगाए जा रहे हैं। आशनाई या नशेबाजी को लेकर हत्या की चर्चा रही।
सात साल पूर्व पत्नी की मौत के बाद से वह रिक्शा चलाकर गुजर-बसर कर रहा था। पुलिस जांच कर रही है। करीब छह लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
गुरुवार को सुबह मूसानगर में मिले शव की पहचान शौच को निकले ग्रामीणों ने रामखेलावन उर्फ खिल्लू (45) पुत्र बसंता के रूप में की। पुलिस और परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी होते ही परिजन तुरंत पहुंच गए। कुछ ही देर में पुलिस भी आ गई और घटनास्थल की घेराबंदी कर छानबीन शुरू कर दी।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक रामखेलावन के दोनों हाथ पीछे बांधकर पत्थर या धारदार हथियार से सिर पर वारकर हत्या की गई है। आसपास घसीटने के भी निशान हैं। डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने लिए। हालांकि हत्यारोपियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
परिजनों ने बताया कि रामखेलावन मूलरूप से अमलोहरा (ओरन, बिसंडा) गांव का रहने वाला था। करीब नौ सालों से वह पत्नी और बच्चों के साथ मूसा तालाब के नजदीक कच्ची झोपड़ी बनाकर रहता था। रिक्शा चलाकर पालन-पोषण करता था।
फिलहाल हत्या की स्पष्ट वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। मृतक के दो पुत्र हैं। एक सूरत (गुजरात) और दूसरा झांसी में रहता है। सीओ आनंद पांडेय ने बताया कि सिर पर किसी भारी चीज के वार से हत्या प्रतीत हो रही है। खिल्लू शराब का आदी था।
नशेबाजी और अवैध संबंधों समेत कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शीघ्र घटना का खुलासा होने की उम्मीद जताई है। थाना इंसपेक्टर वीर प्रताप सिंह ने बताया कि चौकीदार देवीदीन की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 302 (हत्या) की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, अलग रह रहे भाई सेवाकर और भाभी जागृति ने बताया कि किसी से कोई रंजिश नहीं थी।
अतर्रा। रामखेलावन हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसपी ने पुलिस के साथ एसओजी को भी लगा दिया है। सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है। एसओजी ने अब तक करीब सात लोगों को हिरासत में ले रखा है। थाने में उनसे पूछताछ की जा रही है। उनके मोबाइल भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा। घर के बगल में स्थित परचून दुकान किए दिव्यांग बुजुर्ग से भी पुलिस पूछताछ में जुटी है।
अतर्रा। पारिवारिक भाभी ने कुछ माह पूर्व रामखेलावन पर रुपये चुरा लेने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ भी की थी। पुलिस ने रामखेलावन का दो बार शांतिभंग में चालान किया था। पत्नी की मृत्यु के बाद और बच्चों के सूरत व झांसी जाने के बाद से रामखेलावन अकेला रह रहा था।
अतर्रा। एसपी अभिनंदन के कार्यकाल के बाद से ताबड़तोड़ हो रही हत्याओं पर पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही। शहर के बंगालीपुरा निवासी भाजपा नेता के पुत्र अमन त्रिपाठी की हत्या का मामला सुलझा भी नहीं था कि 24 घंटे के अंदर दूसरी हत्या रामखेलावन (मूसानगर) के रूप में हो गई। इस हत्या में भी पुलिस खुलासे के लिए जूझ रही है।
फिलहाल अब तक पुलिस के हाथ हत्यारोपियों से जुड़े कोई सुराग हाथ नहीं लगे हैं। इसके पूर्व 15 जून से अब तक कई हत्याएं हो चुकी हैं। चर्चित केसों में शहर के चमरौडी में अपहरण कर बालक की बलि देने की घटना शामिल है।