Report on four in the murder of LIC agent's son
- फोटो : BANDA
बांदा/अतर्रा। एलआईसी अभिकर्ता के पुत्र की हत्या का आरोप लगा शराब सेल्समैन समेत चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। रामनवमी के दिन उसका शव रेल पटरी पर मिला था। उधर, सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में कई लोग युवक को बुरी तरह पीटते देखे जा रहे हैं।
अतर्रा नगर के नरैनी रोड निवासी जगदीश गुप्ता ने दर्ज कराई गईरिपोर्ट में कहा है कि उसका पुत्र सुगम उर्फ अतुल घर में ही किराना की दुकान किए था। 10 अप्रैल को दोपहर रामनवमी की झांकी देखने गया था। शाम को पिता के फोन पर कॉल आई कि अतुल ने 30 हजार रुपये चुरा लिए हैं। उसे काफी मारापीटा गया है। अतुल ने भी पिता से फोन पर बात की। कुछ ही देर बाद अतुल के चाचा और पिता मौके पर रामलीला रोड अतर्रा पहुंचे। वहां सीसीटीवी फुटेज में वाहन एजेंसी मैनेजर राजेंद्र द्विवेदी (कर्वी) की मौजूदगी में अतुल को बुरी तरह पीटे जाते देखा गया।
जगदीश गुप्ता ने कहा कि 30 हजार रुपये वापसी की शर्त पर ही उसके बेटे की रिहाई को कहा गया। रात करीब साढ़े 8 बजे पुन: मॉडल शाप गया तो वहां उसका बेटा नहीं मिला। अगले दिन लोहिया पुल रेलवे लाइन के पास अतुल का शव मिला। पिता ने आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज में भी छेड़छाड़ की गई है।
पिता की इस तहरीर पर गुरुवार को देर शाम पुलिस ने राजा द्विवेदी (अतर्रा), एक वाहन एजेंसी के मैनेजर राजेंद्र द्विवेदी (कर्वी), सौरभ उर्फ हनुआ गुप्ता (अतर्रा) और बउरा (अज्ञात) के विरुद्ध धारा 302 व 201 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अतर्रा थाना इंस्पेक्टर हरिशरण सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।