बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी तकरीबन 16 साल की नाबालिग बेटी की शादी 35 वर्षीय युवक से तय कर दी। मंगलवार को बरात आने की तैयारी की जा रही थीं, तभी किशोरी की कुछ महिला रिश्तेदारों ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी। सूचना पर देर रात पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की पूछताछ जारी रही और शादी के कार्यक्रम भी रुके रहे।
बता दें कि बीते 27 जनवरी को एक सदस्य ने मामले की जानकारी चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त बाल कृष्ण त्रिपाठी और बांदा पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल को दे दी। वहीं, मीडिया टीम इस मामले में जानकारी जुटाने के लिए जसपुरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। जहां लड़की का जन्म पता किया गया तो वह साढ़े पंद्रह वर्ष की बताई गई।
इसके बाद मंगलवार को इस मामले की जानकारी नाबालिग की कुछ महिला रिश्तेदारों ने थाने में दी। तब पुलिस हरकत में आई और विवाह स्थल पर पहुंच गई। जहां बरात की तैयारी की जा रही थीं। पुलिस को देखते ही पंडाल में खलबली मच गई। पुलिस नाबालिग के घरवालों से पूछताछ कर रही है।