बांदा/बबेरू। कोतवाली क्षेत्र के पवइया गांव के मजरा भुराने पुरवा में किसान बदना प्रजापति की धारदार हथियार से की गई हत्या का आठ दिन बाद पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका व फरसा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, जमीन की रंजिश में हत्या की गई। घटना से दो दिन पहले आरोपियों ने हत्या की साजिश रची थी। एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान पुलिस लाइन में हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि 14 जुलाई की रात जगदीश के ट्यूबवेल की छत में सो रहे बदना प्रजापति की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी थी।
मृतक के पुत्र अजय पाल ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बबेरू कोतवाली इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने बुधवार को चुनबाद डेरा में दबिश देकर भुराने पुरवा निवासी उमेश उर्फ राजा उर्फ चुकरा, जयकरन कुम्हार व चुनुबाद और तेरा (कमासिन) निवासी ललित कुमार गिरफ्तार कर लिया।
हत्यारोपियों के हवाले से एएसपी ने बताया कि उमेश और जयकरन ने बदना प्रजापति के गर्दन और चेहरे पर वार किए थे। फूलचंद्र उसके पैर दबोचे था। ललित ट्यूबवेल के नीचे खड़े होकर निगरानी कर रहा था।
उन्होंने यह भी बताया कि 12 जुलाई की शाम चुनुबाद डेरा में ही चारों ने हत्या की साजिश रची थी। शराब और मछली की पार्टी भी की थी। खून से सने कपड़े और बांका व फरसा बरामद किया गया है। चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।