अतर्रा। शुभम उर्फ अतुल गुप्ता हत्याकांड गरमाता जा रहा है। अतुल को मॉडल शॉप में बंधक बनाकर बुरी तरह पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में रोष और बढ़ गया है।
बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद भी फिलहाल लोगों में रोष बरकरार है। रविवार की देर शाम व्यापारियों ने यहां कैंडल मार्च निकाला और थाने के सामने विरोध जताया। अतुल को श्रद्धांजलि दी।
रामनवमी के दिन अतुल लापता हो गया था। वह बजरंग दल कार्यकर्ता भी था। उसका शव रेलवे ट्रैक के पास मिला था। अगले ही दिन सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हुआ, इसमें मॉडल शॉप में उसके साथ कई लोग बर्बरता करते दिखाई दे रहे हैं।
इसी के बाद यह मामला तूल पकड़ गया। अंतत: पुलिस ने पूर्व विधायक के भाई और मॉडल शॉप संचालक शिवनरेश उर्फ राजा द्विवेदी, वाहन एजेंसी मैनेजर राजेंद्र द्विवेदी, सौरभ और बउवा पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इन्हें पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
कैंडल मार्च और विरोध प्रदर्शन में अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमर सिंह राठौर, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष अवधेश गुप्ता, विकास सिंह विक्कू, कुमार गौरव गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता, नवनीत गुप्ता, प्रशांत सिंह, हर्षित अग्रवाल, बबलू चौरसिया, पिंटू, श्यामू आदि शामिल रहे।