बांदा। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में अब देश के परमवीर चक्र से सम्मानित शहीदों के दीदार हो सकेंगे। यहां विशेष रूप से तैयार की गई वॉल ऑफ फेम में इनके चित्रों को सजाया गया है। चित्रकूटधाम मंडल के किसी महाविद्यालय में शहीदों के प्रति यह पहला सम्मान है।
महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय पोषण माह के आयोजनों में सोमवार को विशेष कार्यक्रम हुए। वॉल ऑफ फेम का डीएम आनंद कुमार सिंह ने उद्घाटन किया। उन्होंने शहीदों को नमन किया।
क्षेत्रीय पोषक व्यंजन प्रतियोगिता में डीएम ने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए व्यजंनों का जायजा और जायका लिया। बुंदेली व्यंजन बनाने की प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी पाक कला का प्रदर्शन किया। प्रथम स्थान जिला परिषद कृषि महाविद्यालय को मिला।
मेजबान महिला डिग्री कॉलेज को दूसरा और राजा देवी डिग्री कॉलेज को तीसरा स्थान मिला। पार्वती महाविद्यालय तथा रामस्वरूप महाविद्यालय, हुसैनपुर को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
डीएम के साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार (आईएएस) और सौरव यादव भी थे। प्राचार्य डॉ. दीपाली गुप्ता ने उनका स्वागत किया। अधिकारियों ने वाल ऑफ फेम में लगाए गए शहीदों के चित्रों के सामने नमन किया।
वाल आफ फेम में ये स्थापित
लांस नायक एल्बर्ट एक्का, कैप्टन विक्रम बत्रा, हवलदार अब्दुल हमीद, नायब सूबेदार बाना सिंह, सूबेदार जोगिंदर सिंह, कैप्टन गुरु बचन सिंह सालारिया, मेजर सोमनाथ शर्मा, मेजर होशियार सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल एबी तारा पोरे, राइफल मैन संजय कुमार, कैप्टन मनोज कुमार पांडे, मेजर धन सिंह थापा, ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव, फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह, लांस नायक करम सिंह, नायक जदुनाथ सिंह, मेजर शैतान सिंह, सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल, मेजर रामास्वामी परमेश्वरन, सेकेंड लेफ्टिनेंट रामा राघोबा राने।