Mask, no social distance, how will the third wave stop
- फोटो : BANDA
ओरन/तिंदवारी। कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाकर शिविरों में टीका लगवाने के लिए उमड़ती भीड़ से कोरोना की तीसरी लहर से पार पाना मुश्किल हो सकता है। सामाजिक दूरी का पालन तो दूर तमाम ग्रामीण मास्क तक नहीं लगा रहे। ओरन और तिंदवारी में आयोजित टीकाकरण शिविर इसकी बानगी है।
नगर पंचायत ओरन में चले रहे वैक्सीनेशन शिविर में टीका लगवाने को लोग उमड़ पड़े। भीड़ अधिक होने से लोगों को पंजीयन व टीकाकरण के लिए परेशान होना पड़ा। घंटों लाइन में लगकर बारी का इंतजार करते रहे। धक्कामुक्की में वृद्ध और महिलाओं को दिक्कत का सामना करना पड़ा। सुरक्षा में लगे दो सिपाही भीड़ को नियंत्रित करने में पसीना बहाते रहे। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सौरभ शुक्ला ने स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। पीएचसी प्रभारी डा. उमेश कुमार, ईओ योगेश कुमार, अध्यक्ष आनंद कुमार पांडेय आदि उपस्थित रहे। ईओ ने बताया कि नगर पंचायत में दो माह से टीकाकरण हो रहा है।
तीसरी लहर से भयभीत लोग टीका लगवाने आ रहे हैं। अब तक शिविर में 5374 लोगों का पंजीयन व टीकाकरण किया जा चुका है। उधर, तिंदवारी पीएचसी में वैक्सीनेशन कराने वालों की भीड़ बढ़ रही है। बारिश व धूप में लाइन लगाने और टोकन आदि व्यवस्था न होने से झगड़े हो रहे हैं। सामाजिक दूरी के लिए बनाए गए गोले बेमतलब साबित हो रहे हैं। लोग मास्क भी नहीं लगा रहे। सीएमओ डा. विजय कुमार तिवारी का कहना है कि वैक्सीनेशन शिविरों में कोरोना गाइडलाइन का पालन करने सहित बेहतर व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर चिकित्सक की मांग पर बूथ बढ़ाए जाएंगे।