बांदा। डीएम आनंद कुमार सिंह ने आधार कार्ड जारी करने वाली एजेंसियों और बैंकों को खबरदार किया कि आम लोगों के साथ किसी तरह ही अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आधारकार्ड बनाने की गति और बढ़ाने तथा रोजाना कम से कम 150 आधार नामांकन के निर्देश दिए।
बंद केंद्रों के पुन: चालू करने और टोकन व्यवस्था को पारदर्शी और दुरुस्त बनाने में जोर दिया। आधार के नाम पर पैसा वसूलने वालों को बाहर करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में आधार आपरेटर और संबंधित बैंकों के प्रबंधकों की बैठक में डीएम ने कहा कि जो आधार सेंटर संचालित नहीं हो पा रहे हैं, उनके बारे में पहले से ही आम लोगों को सूचना दी जाए।
लोग आधार कार्ड के लिए भटक रहे हैं अफरातफरी के हालात हैं। डीएम ने कहा कि आधार के नाम पर लोगों से पैसे की मांग की जा रही है। न देने पर उन्हें भटकाया जा रहा है।
डीएम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यह शिकायत मिली और पकड़ी गई तो आधार आपरेटर को सीधे बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उन्होंने बदसलूकी पर चिंता जताई।
सेंटरों में कोविड-19 के दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा। बैठक में एडीएम संतोष बहादुर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।