अतर्रा। बीए एलएलबी और एलएलबी के कई सेमेस्टर परीक्षाएं पीजी कॉलेज में संचालित हैं। बृहस्पतिवार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने निरीक्षण किया। कई सेमेस्टर के लगभग 700 छात्र-छात्राओं की परीक्षा प्रथम पाली में कराई गई।
अंशकालिक शिक्षकों ने उन्हें वेतन न मिलने का ज्ञापन भी सौंपा। क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी डॉ. राजेश प्रकाश व डॉ. संग्राम सिंह, रमेश सिंह आदि ने निरीक्षण के दौरान नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए। प्राचार्य डॉ. अभिलाष श्रीवास्तव के साथ उपस्थिति रजिस्टर पर कर्मचारियों की उपस्थिति जांची।
कुछ कर्मचारियों के बिना प्रार्थनापत्र अनुपस्थित पाए जाने पर उनके वेतन रोकने के आदेश दिए। उन्होंने कॉलेज मुख्य गेट पर पुलिस की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान अतर्रा कॉलेज के गणेश शुक्ला, पीपी पुरवार, पीके विश्वकर्मा आदि शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे। उधर, पीजी कॉलेज अंशकालिक शिक्षकों ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन देकर वेतन निर्गत कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि फरवरी 2019 से आज तक वेतन न मिलने से अंशकालिक शिक्षक रोजी-रोटी के संकट से जूझ रहे हैं। प्राचार्य डॉ. अभिलाष श्रीवास्तव ने बताया कि सभी के खाते बंद है। खाता खोलने के बाद वेतन निर्गत किया जाएगा।