बांदा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सुरक्षा के लिहाज से बांदा रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों में जीआरपी का स्कॉर्ट चलेगा। ट्रेनों की चेकिंग भी की जाएगी। स्काॅर्ट में चलने वाले सिपाहियों से रास्ते में वीडियो कॉलिंग के जरिए उनकी लोकेशन भी ली जाएगी।
सोमवार को बांदा जीआरपी थाने का वार्षिक निरीक्षण करने पहुंचे एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने माल खाने, असलहों को खुलवाने बंद करने का ट्रायल लिया। अभिलेखों को देखा। उन्होंने बताया कि ट्रेनों में होने वाली चोरी और छिनैती की घटनाआें का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बांदा रेलवे स्टेशन से 22 ट्रेनें गुजरतीं हैं। आगामी 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए कई श्रद्धालु ट्रेनों से अयोध्या धाम पहुंचेगे। इसके लिए उन्होंने ट्रेनों में विशेष जीआरपी स्कॉर्ट की व्यवस्था की है। हर स्कॉर्ट में दो सिपाही शामिल होंगे। ये सभी एक्सप्रेस, मेमो व पैसेंजर ट्रेनों में चलेंगे।
उधर, एसपी जीआरपी ने थाने में गंदगी पाए जाने पर थाना इंस्पेक्टर नवेंद्रु शेखर अग्निहोत्री को सफाई कराने के निर्देश दिए। आरक्षी रूम, मेस आदि देखा। प्लेटफार्म पर विशेष चेकिंग अभियान चलाने को कहा। इस मौके पर जीआरपी थाने का स्टाफ मौजूद रहा।