बेंदा घाट/तिंदवारी। तिंदवारी थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच लोगों ने 12 वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बालिका शौच के लिए घर से कुछ दूर यमुना नदी किनारे जंगल गई थी। तभी सामूहिक दुष्कर्म की घटना हो गई।
पुलिस आरोपियों की संख्या तीन बता रही है। रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को हिरासत में ले लिया गया। आरोपियों की उम्र भी लगभग 13 से 14 वर्ष बताई जा रही है। घटना शनिवार (14 अगस्त) की शाम की है। पीड़िता की मां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसकी पुत्री शौच के लिए गई थी।
तभी गांव के ही पांच लोगों ने उसे पकड़ लिया और नदी किनारे जंगल की तरफ जबरदस्ती घसीट ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग गए। पुत्री के घर लौटने पर घटना की जानकारी हुई।
पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म समेत पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। नामजद किशोर उम्र तीनों आरोपियों को गांव में ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बालिका का महिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया गया है। आरोपियों का डीएनए टेस्ट के लिए नमूने लिए जाएंगे।
एसपी अभिनंदन ने बताया कि पूछताछ में तीनों ने दुष्कर्म की घटना स्वीकार की है। घटना के चार दिन बाद बालिका की मां ने पुलिस को सूचना दी। उधर, तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच व बयानों के मुताबिक तीन आरोपियों के नाम सामने आए हैं। सभी को हिरासत में ले लिया गया है।
सभी आरोपी नाबालिग बताए गए हैं। उधर, चर्चा है कि आरोपियों ने दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया था। बालिका 5वीं कक्षा में पढ़ती है। बृहस्पतिवार की रात एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान व सीओ सदर सत्यप्रकाश शर्मा ने बालिका के घर पहुंचकर जानकारी ली। सुरक्षा की दृष्टि से पीड़िता के घर पुलिस तैनात की गई है।