बांदा। तेज रफ्तार ऑटो के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें सवार फल विक्रेता की मौत हो गई। जबकि चालक और एक अन्य गंभीर घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के भगवती नगर निवासी मोहम्मद अतीक (34) ने बताया कि वह ऑटो चालक है। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे वह तिंदवारी से फल विक्रेता कस्बे के श्रीनगर निवासी शान मोहम्मद (25) व हमीरपुर के इंगोहटा गांव निवासी रामलखन को तिंदवारी से बैठाकर बांदा आ रहा था। देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर बाईपास पर ऑटो तेज रफ्तार में होने की वजह से अचानक सामने कुत्ता आ जाने से अनियंत्रित होकर पलट गया।
इसमें सवार शान मोहम्मद के सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। जबकि अतीक और रामलखन गंभीर घायल हो गए। देहात कोतवाली पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। शान मोहम्मद के पिता रमजान ने बताया कि शान सब्जी मंडी में ठेलिया लगाकर फल बेचने का काम करता था। वह पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। उसकी शादी की बात चल रही थी। पिता रमजान दिव्यांग हैं। भाई मेहंदी हसन का आरोप है कि शान मोहम्मद घर से 45 हजार रुपये और मोबाइल लेकर निकला था।
हादसे के बाद रुपये और मोबाइल नहीं मिले हैं। देहात कोतवाली प्रभारी संजीव चौबे ने बताया कि ऑटो ओवर स्पीड थी, सामने अचानक कुत्ता आ जाने से ऑटो अनियंत्रित होकर पलटा है। हादसे में एक की मौत हो गई, दो घायल हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।