फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छह अरब रुपये के कर्ज से किसानों ने पाले थे मंसूबे

Sat, 21 Mar 2015 11:23 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
विज्ञापन
विज्ञापन
मौसम की दगाबाजी से किसानों की नींद उड़ी है। बारिश ठीक-ठाक हो जाने से हरी-भरी फसल की उम्मीद में खरीफ के बाद रबी में भी जनपद के 59,174 किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड बनवाकर कर्ज ले लिया और बेटियों की शादी समेत अन्य काम निपटाने के मंसूबे पाल लिए।
विज्ञापन


मौजूदा हालात ये हैं कि जिले के 59,179 किसानों पर रबी और खरीफ फसलों में छह अरब 39 करोड़ 70 लाख रुपये का कर्ज है। दोनों फसलों में किसानाें ने यह कर्ज किसान क्रेडिट कार्ड से लिया है। खरीफ की फसल में जिले के 14 बैंकों ने 38,948 केसीसी पर तीन अरब 23 करोड़ 32 लाख रुपये किसानों को कर्ज दिया।

इनमें 11,439 नए किसानों ने केसीसी बनवाए जबकि 27,509 किसानों के केसीसी का नवीनीकरण किया गया। रबी की फसल में फिर किसानों ने कर्ज के जरिए अपने मंसूबे पूरे करने के ख्वाब देखे और 20,231 नए किसानों ने और किसान क्रेडिट कार्ड बनवाकर अपने ऊपर तीन अरब 16 करोड़ 38 लाख रुपये का कर्ज बढ़ा लिया।
विज्ञापन


अब फरवरी और मार्च में बेमौसम हुई बारिश और ओलावृष्टि के कहर से फसलें खराब हो गईं तो किसानों की नींद उड़ गई है। कर्ज अदायगी का अब कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा। उनकी निगाहें केंद्र और राज्य सरकारों पर टिकी हुई हैं।

राजनीतिक हों या किसानों के पैरोकार संगठन, सभी एक स्वर से यह मांग भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि कुदरत के कहर के बाद अब कर्ज माफी ही उन्हें राहत दे सकती है।

ग्रामीण बैंक में सबसे ज्यादा केसीसी
किसानों ने अपनी क्रेडिट सबसे ज्यादा इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में दांव पर लगाई। इस बैंक ने रबी और खरीफ में 46,795 किसानों को 4.10 अरब से ज्यादा रुपये क्रेडिट पर दिए। दूसरे नंबर पर इलाहाबाद बैंक ने 6760 किसानों को एक अरब 66 करोड़ 55 लाख रुपये के केसीसी जारी किए।

स्टेट बैंक ने 1553 कार्डों पर 2.48 करोड़, सेंट्रल बैंक ने 329 किसानों पर 5.86 करोड़, पंजाब बैंक ने 169 किसानों को 4.42 करोड़, यूनियन बैंक ने 78  किसानों को 1.86 करोड़, बैंक आफ बड़ोदा ने 62 कार्डों पर 1.75 करोड़, बैंक आफ इंडिया ने 80 कार्डों  पर 1.89 करोड़, कोआपरेटिव बैंक ने 3344 केसीसी पर 20.64 करोड़ और आईडीबीआई बैंक ने 10 केसीसी पर 11 लाख रुपये देकर रबी की फसल में नया कर्जदार बनाया।

7.88 करोड़ रुपया बैंकों को मिला क्लेम
रबी वर्ष 2013 में 17,973 बीमित किसानों को 1,53,96,921 रुपये प्रीमियम दिया गया है। सात करोड़ 88 लाख 80 हजार रुपये इंश्योरेंस कंपनी ने बैंकों को क्लेम दिया है। यह दावा किया है इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक ने।

आरटीआई में संकटा प्रसाद त्रिपाठी को उपलब्ध कराई सूचना में बैंक ने बताया है कि खरीफ 2014 में 30,383 बीमित किसानों को 2,10,69,174 रुपये प्रीमियम दिया गया है। वर्ष 2013-14 की खरीफ फसल में 14,81,663 रुपये और रबी फसल के लिए 78,88,686 रुपये फसल बीमा क्लेम के रूप में प्राप्त हुए हैं।

उधर, इसी बैंक ने पिछले वर्ष दिसंबर माह में जनसूचना अधिकार अधिनियम में दी गई सूचना में कहा था कि बीमित धनराशि बैंक शाखा द्वारा बीमा कंपनी को नहीं पहुंचाई जाती।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें