नरैनी। खाद लेने के लिए एक सप्ताह पूर्व घर से निकले किसान की धारदार हथियार से हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया गया। किसान की सिर काटकर हत्या करने के बाद उसके हाथ-पैर भी काटकर अलग फेंक दिए गए थे।
चरवाहों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों की शिनाख्त के बाद अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली क्षेत्र के बीहड़ पुरवा (गुढ़ा कलां) निवासी जगुआ यादव का बेटा छोटेलाल (38) एक सप्ताह पूर्व खाद लेने के लिए नरैनी जाने की बात कहकर घर से निकला था, फिर वापस नहीं आया।
परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। भाई नीलमणि ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज करा दी। शनिवार की सुबह पुलिस को चरवाहों ने सूचना दी कि रमपुरवा के जंगल में एक क्षत-विक्षत शव पड़ा है।
कोतवाली प्रभारी राकेश तिवारी, उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, मृतक का सिर धड़ से अलग था। इसके अलावा हाथ-पैर भी अलग-अलग पड़े थे। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर छोटेलाल के शव की शिनाख्त की।
पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया छोटेलाल की धारदार हथियार से हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा। जांच की जा रही है।
परिजन भी कोई रंजिश नहीं बता रहे। अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी गई। जिला मुख्यालय से फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड भी पहुंचा।