बांदा। इसी माह शुरू हो रही हाईस्कूल-इंटर बोर्ड परीक्षा के पूर्व कालेजों में हाईस्कूल और इंटर की छात्राओं को उनके विद्यालय की जूनियर छात्राओं द्वारा तोहफों के साथ विदाई और बोर्ड छात्राओं द्वारा अपनी टीचर्स को सम्मानित करने का सिलसिला जारी है।
शुक्रवार को सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज, केन पथ में इंटर की छात्राओं को समारोह पूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन से हुई। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और विदाई गीत पेश किए। मॉडलिंग का भी प्रदर्शन हुआ। ज्योति सिंह प्रथम रहीं। उन्हें ताज पहनाया गया।
इंटर छात्राओं ने टीचर्स का हृदय से आभार जताया कि उन्हें अच्छी शिक्षा दी। प्रधानाचार्य अमिता सिंह ने विदा हो रही छात्राओं को आशीर्वाद दिया और इंटर परीक्षा में अच्छे अंकों से सफलता की शुभकामनाएं दीं। बीना, किरन, कामता, शैलजा, स्नेहा, स्वाती, सोनल, जेपी गुप्ता, वीरेंद्र तिवारी, विद्या विलास त्रिपाठी आदि शामिल रहे।
उधर, फात्मा गर्ल्स इंटर कालेज (खुटला) में भी 11वीं की छात्राओं ने 12वीं की छात्राओं को विदाई दी। डांस, बैलून गेम, साड़ी गेम, चोटी गेम आयोजित हुए। 11वीं की छात्राओं ने भावुक विदाई गीत पेश किया।
प्रबंधक अरशद खां और प्रधानाचार्य राफिया खानम ने छात्राओं को आशीर्वाद के साथ पौधों की गिफ्ट दी। 12वीं की छात्राओं ने स्कूल स्टाफ को उपहार दिए। इस अवसर पर 12वीं की अमरीन मिस फेयरवेल और हुदा खान मिस ब्यूटी चुनी गईं। इसी कक्षा की तसनिया को मिस्ले फातमा का खिताब दिया गया। शाहीन यासमीन, सुमन गुप्ता, इरम फातमा, गायत्री, मुजम्मिल खां, रफीक खां, तारिक खां, अमित गुप्ता आदि उपस्थित रहे।