तिंदवारी। एक ही लाइसेंसधारक की दो शराब की दुकानों में आबकारी विभाग की टीम ने छापे मारकर 27 पेटी नकली शराब, खाली शीशी और क्यूआर कोड बरामद किए हैं। दोनों दुकानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए सील कर दिया गया है।
दुकान मालिक के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को यहां कस्बा स्थित और लुकतरा गांव में स्थित श्याम सुंदर शिवहरे की शराब की दुकानों में आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारा। दोनों दुकानों से 27 पेटी नकली शराब और भारी मात्रा में स्प्रिट, खाली शीशियां और लगभग 10 हजार क्यूआर कोड बरामद हुए।
दोनों दुकानों को सील करके इनका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। दुकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग ने बड़े अफसरों को लिखा है। एसडीएम ने भी इसकी संस्तुति की है।
जिला आबकारी अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि जांच में पता चला कि दोनों दुकानों में नकली शराब बनाई और बेची जाती थीं। गौरतलब है कि करीब एक माह पहले बेंदाघाट पुलिस चौकी क्षेत्र में नकली शराब से दो लोगों की मौत हो गई थी। इसी के बाद आबकारी विभाग दबाव में आया और छापेमार कार्रवाई शुरू की।