बांदा। घरेलू गैस सिलिंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रहीै और सब्सिडी सालभर से जस की तस है। इस वर्ष आठ माह में आठ बार सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।
अब तक करीब 191 रुपये की वृद्धि हो चुकी, लेकिन सब्सिडी नहीं बढ़ाई गई। लगभग एक साल से गैस उपभोक्ताओं के खाते में मात्र 24 रुपये सब्सिडी पहुंच रही है। चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट और महोबा में लगभग आठ8लाख 63 हजार 816 गैस कनेक्शनधारक हैं।
केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलिंडर की कीमतों में वृद्धि के साथ सब्सिडी में भी गैस कनेक्शनधारकों को जोर का झटका दिया है। चालू वर्ष में यानी पहली जनवरी से पहली सितंबर तक आठ बार गैस कीमतों में वृद्धि हुई। सिर्फ फरवरी माह में तीन बार गैस के दामों में क्रमश: 25, 50 व 25 (कुल 100) रुपये वृद्धि की गई।
इसके अलावा हर बार 25 रुपये बढ़ाए गए। हालांकि, पहली अप्रैल से जून तक कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की गई, लेकिन जुलाई, अगस्त और सितंबर में लगातार रेट बढ़ाए गए। पहली जनवरी को घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 726.50 रुपये थी। अब मौजूदा में गैस कनेक्शनधारकों को 917 रुपये में गैस सिलिंडर मिल रहा है।
खास बात यह है कि गैस कीमतों में जिस तरह वृद्धि की गई, लेकिन सब्सिडी पर कोई फर्क नहीं पड़ा। केंद्र सरकार ने वर्ष 2015 में घरेलू गैस सिलिंडर की सब्सिडी उपभोक्ताओं के खातों में भेजने के लिए डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) योजना लागू की थी।
सिलिंडर लेते समय उपभोक्ताओं को पूरा पैसा अदा करना होता है। इसके बाद सब्सिडी सीधे खातों में भेजी जाने लगी, लेकिन उपभोक्ताओं के लिए यह घाटे का सौदा निकला। शुरुआत में हरेक गैस उपभोक्ताओं के खातों में लगभग 150 से 250 रुपये तक सब्सिडी खातों में भेजी गई।
इसके बाद लगातार सब्सिडी घटती गई और अब करीब सालभर से सिर्फ 24 रुपये सब्सिडी उपभोक्ताओं के खातों में पहुंच रही है।
मंडल में गैस कनेक्शनधारकों की संख्या
जनपद कनेक्शनधारक
बांदा 3,03,014
चित्रकूट 1,68,215
हमीरपुर 2,30,326
महोबा 1,62,261
योग 8,63,816
वर्ष 2021 में कब-कब बढ़े गैस के दाम (रुपये में)
दिनांक गैस कीमत बढ़े सब्सिडी
01 जनवरी 726.50 10 24
04 फरवरी 751.50 25 24
15 फरवरी 801.50 50 24
25 फरवरी 826.50 25 24
01 मार्च 851.50 25 24
01 जुलाई 867.50 16 24
17 अगस्त 892.00 25 24
01 सितंबर 917.00 25 24
गैस की कीमतें और सब्सिडी केंद्र सरकार और कारपोरेशन के बड़े अफसरों द्वारा तय किए जाते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर की कीमतों से दाम घटते-बढ़ते रहते हैं। फिलहाल घरेलू गैस सिलिंडर खपत में कोई असर नहीं पड़ा है। रोजाना मांग बढ़ रही है।
- आशीष मौर्य, नोडल अधिकारी (एलपीजी)
लगातार घरेलू गैस सिलिंडर में कीमत बढ़ने से बजट बिगड़ रहा है। अब कीमत घटाने पर सरकार को ध्यान देना चाहिए। सब्सिडी तो नाम मात्र की आ रही है। इससे बढ़िया तो सरकार सब्सिडी बंद ही कर दे। 24 रुपये और मिलाकर सिलिंडर ले लेंगे।
- सुरभि कटियार, सिविल लाइंस
शुरुआत में सब्सिडी ठीकठाक मिलती थी। अब तो सब्सिडी मिलना न मिलने के बराबर है। महंगाई से रसोई का बजट अलग बिगड़ गया है। 600 से 700 रुपये तक घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत होना चाहिए। पेट्रोलियम की कीमतें भी 100 रुपये के नजदीक हैं।
- शिखा चौरसिया, गायत्री नगर