बेेंदाघाट। जनरल स्टोर और मोबाइल शाप मालिक के मकान से चोरों ने रविवार की रात लाखों रुपये के जेवर समेत नगदी में हाथ साफ कर दिया। चोर छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए। घटना के समय पूरा परिवार नींद में था।
बेंदाघाट निवासी राजेश कुमार गुप्ता, पत्नी नूतन गुप्ता, मां ललिता देवी व पिता ओमप्रकाश रोज की तरह रविवार की रात घर में सो रहे थे। आधी रात के बाद पत्नी नूतन गुप्ता पानी पीने के लिए जगीं तो उन्हें कुछ आहट मिली।
उन्होंने बरामदे में सो रही सास और ससुर को जगाया। छत समेत अन्य जगहों पर पड़ताल की, लेकिन कोई नहीं मिला। इसके बाद सभी लोग दोबारा सो गए। सुबह होने पर उन्हें चोरी का पता चला। कमरों के दरवाजे खुले पाए गए। सामान बिखरा पड़ा था।
चोर अलमारी में रखे गहने और नगदी सब ले गए। प्रभारी निरीक्षक तिंदवारी प्रदीप कुमार यादव, चौकी प्रभारी बेंदाघाट अशोक कुमार, चौकी प्रभारी कुरसेजा केडी तिवारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी सबूत इकट्ठा किए।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि राजेश के मकान के पास स्थित दो मकानों के किरायेदार राजेश कुमार सिंह के यहां से दो मोबाइल व चुन्नू महाराज की जेब से 500 रुपये भी चोर ले गए हैं। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।