बांदा। डीएम और एसपी ने सोमवार की रात जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने माफिया व पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की सुरक्षा व्यवस्था एवं गतिविधियों का जायजा लिया। वहीं, निरीक्षण में सहयोग नहीं करने पर उप महानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार लखनऊ ने मंगलवार देरशाम डिप्टी जेलर वीरेश्वर प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया है।
जिलाधिकारी अनुराग पटेल और पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सोमवार को रात करीब 10 बजे भारी पुलिस बल के साथ जेल पहुंच गए। जेल में बंद मुख्तार की बैरक समेत अन्य संदिग्ध बैरक और बंदियों की तलाशी ली। जेल में जाने व आने वालों का इंट्री रजिस्टर देखा। जैमर व सीसी कैमरों की क्रियाशीलता देखी। बंदियों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्तार की सुरक्षा में लगे सुरक्षा कर्मियों की जानकारी ली। डीएम ने शातिर बंदियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए जेलर को निर्देशित किया। अधिकारी करीब दो घंटे तक जेल में रहे।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी जेलर द्वारा सहयोग न करने व अनियमितताओं में पर्दा डालने पर डीएम ने इसकी जानकारी महानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार लखनऊ को दी। देर शाम उपमहानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार लखनऊ शैलेंद्र कुमार ने डिप्टी जेलर वीरेश्वर प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लखनऊ कारागार प्रशिक्षण संस्थान संबद्ध किया। इस बाबत आदेश डीएम व कारागार अधीक्षक को भेजा है।