दो बाइकों पर सवार छह लुटेरों ने एलआईसी एजेंट से सरेशाम पौने दो लाख रुपये से ज्यादा लूट लिए। भाग रहे एक लुटेरे को एलआईसी एजेंट व आसपास के लोगों ने दबोच लिया। उसके अन्य साथी लूट की रकम समेत फरार हो गए।
इंदिरा नगर निवासी एलआईसी एजेंट उदय प्रकाश मिश्रा मंगलवार को शाम करीब सात बजे कंपनी से 1.77 लाख रुपये लेकर बाइक पर अकेले घर लौट रहा था। पीले चर्च के सामने एक ही बाइक पर सवार तीन लोगों ने उसे मौका पाकर रोक लिया और तमंचा दिखाकर बाइक की डिक्की में रखा रुपयों से भरा बैग निकाल लिया।
चंद कदम पर एक दूसरी बाइक पर तीन और लुटेरे मौजूद थे। बैग छीनने वाले युवकों ने दूसरी बाइक वालों को रुपयों भरा बैग थमा दिया। वह बैग लेकर भाग निकले। बाद में अपनी बाइक पर शेष तीन लुटेरे भाग रहे थे तभी बाइक पलट गई और एक लुटेरे को लोगों ने दबोच लिया।
सिविल लाइन चौकी प्रभारी केशव वर्मा ने बताया कि दबोचा गया लुटेरा डीएम कालोनी निवासी इरफान है। पुलिस ने एक बाइक भी कब्जे में ले ली है। दूसरी बाइक और शेष लुटेरों को पकड़ने के लिए देर रात तक नाकाबंदी की जाती रही, पर कोई हाथ नहीं लगा।