अतर्रा में चोरी की बाइकों के साथ पकड़े गए चोर।
- फोटो : amarujala
अतर्रा पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर दो बाइकें बरामद कर लीं। उनके पास से एक तमंचा भी मिला। चुराई गईं अन्य बाइकों के बारे में पता लगाया जा रहा है। उधर, एक चोर पुलिस से बचकर भाग निकला।
पांच दिन पहले कस्बे से दो बाइक चोरी होने के बाद पुलिस ने गिरोह का पता लगाने के लिए सुरागरसी शुरू कर दी थी। थानाध्यक्ष भगवती प्रसाद मिश्र ने बताया कि दो टीमें गठित कर खोजबीन की जा रही थी। रविवार को तड़के महोतरा गांव से बांदा की ओर जा रहे तीन बाइक सवारों को हिंदू इंटर कालेज के पास रोका गया।
टार्च लगाने पर एक युवक कूदकर भाग निकला। एक बाइक में सवार गिरवां थाना क्षेत्र के मकरी गांव के मजरा मनोहर पुरवा निवासी राजकरन पुत्र चुनुवा और अतर्रा कस्बा के शास्त्री नगर निवासी राजेश पुत्र राम प्रसाद और दूसरी बाइक सवार राज कुमार पुत्र राममिलन कुशवाहा निवासी पचोखर (अतर्रा) को गिरफ्तार कर लिया गया। इन्होंने भागने वाले युवक का नाम दीपक उर्फ टप्पू पुत्र शिवमोहन बताया।
पुलिस के मुताबिक राज करन के पास से 315 बोर तमंचा और राज कुमार कुशवाहा के पास से 12 बोर कारतूस बरामद हुए। यह दोनों बाइकें पांच दिन पहले कस्बे से चोरी हुईं थी। टीम में थानाध्यक्ष समेत एसएसआई सदाशिव मौर्य, एसआई शैलेेंद्र चंद्र पांडेय, कृष्णपाल सिंह, कांस्टेबिल धीरेंद्र पाल सिंह आदि शामिल रहे। रिपोर्ट दर्ज कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।