टेलरिंग (कपड़ा सिलाई) करने वाले युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगाई। तिंदवारी में कबीर नगर निवासी 35 वर्षीय राजेंद्र पुत्र सुखलाल कोरी रविवार को शाम घर में अकेला था। पत्नी खेत गई हुई थी। चारों छोटे बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इसी बीच राजेंद्र ने छत के छल्ले में रस्सी बांधी और गर्दन में फंदा कसकर फांसी पर झूल गया। उसकी वहीं मौत हो गई।
कुछ देर बाद पड़ोसियों ने खिड़की शव लटकता देखा। नगर पंचायत सदस्य घनश्याम अनुरागी ने पुलिस को सूचना दी। उधर, खेत से लौटी पत्नी संदीप कुमारी ने बताया कि वह अपने चारों बच्चों और पति के साथ यहां किराए के मकान में रह रही है। पति राजेंद्र घर पर ही सिलाई का काम करता था। मूलरूप से वह तिंदवारी थाना क्षेत्र के ही गरौंती गांव का रहने वाला था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाने के उप निरीक्षक कौशलेश सिंह चौहान ने बताया कि पत्नी से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच मोबाइल फोन के सिमकार्ड को लेकर विवाद हो गया था। इसी के बाद मौका पाकर राजेंद्र ने फांसी लगा ली।