तमंचे के बल पर पति को बंधक बनाकर युवती से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी फरार हैं।
जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने आई 25 वर्षीय युवती ने बताया कि गिरवां थाने के एक गांव में उसका पति मोबाइल फोन टावर में गार्ड की नौकरी करता है। वहीं उसके साथ वह भी रहती है। 26 फरवरी को पड़ोस के ही सात युवकों ने टावर के कमरे में उसके पति को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया।
बगल के कमरे में ले जाकर चार लोगों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। महिला के मुताबिक घटना के बाद वह पति को साथ लेकर थाने आई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई के बजाए भगा दिया। यह भी बताया कि पुलिस उच्चाधिकारियों तथा महिला हेल्प लाइन नंबर पर सूचना भी दी।
अब 12 दिन बाद मंगलवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे डाक्टरी परीक्षण के लिए भेजा। आरोपी युवक कुछ दिन उसके टावर से बिजली चोरी कर इस्तेमाल कर रहे थे। पति ने उन्हें रोका तो खुन्नस में उन्होंने यह घटना की। थानाध्यक्ष अनीता सिंह चौहान के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर चार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उधर, नरैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 11 वर्षीय बालिका के पिता ने कोतवाली में तहरीर में बताया कि पड़ोसी युवक सोमवार को सूने घर में घुस आया और उसकी पुत्री के साथ दुराचार किया।
उधर, कोतवाली प्रभारी एसएन सिंह ने इसे छेड़छाड़ का मामला बताया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है।