फौजी पर बसपा नेता का रसूख भारी पड़ा। पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। फौजी की पत्नी की शिकायत पर चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के डीआईजी बीआर मीणा ने विवेचक दरोगा को शनिवार को तलब किया है।
फौज में कार्यरत कृष्ण कुमार प्रजापति असम में तैनात है। पत्नी बबिता बच्चे के साथ बांदा शहर के शांति नगर में रहती है। बबिता ने जुलाई में कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा था कि उसके घर से बसपा नेता बृजेश प्रजापति स्टेट बैंक, लखनऊ का एटीएम कार्ड और बैंक ऑफ बड़ौदा की हस्ताक्षरयुक्त चेक ले गया। खाते से 6.41 लाख रुपये निकाल लिए।
पहले पैसे वापस करने का आश्वासन देता रहा। फिर जान से मारने, बच्चों के अपहरण की धमकी देने लगा। कोतवाली पुलिस ने बृजेश प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाली पुलिस की ढिलाई की शिकायत फौजी की पत्नी बबिता ने डीआईजी से की। उन्होंने जांच हमीरपुर पुलिस को सौंप दी।
आरोप है कि रसूख के बल पर हमीरपुर पुलिस ने इस मुकदमे में यह कहकर फाइनल रिपोर्ट लगा दी कि सुबूत नहीं मिले। हालांकि इस बीच फौजी के सैनिक अधिकारियों ने पुलिस महानिदेशक को भी इस मामले में कार्रवाई के लिए पत्र लिखा।
यहां छुट्टी पर आए फौजी कृष्णा प्रजापति और उसकी पत्नी बबिता ने शुक्रवार को डीआईजी से मिलकर शिकायत की कि उसे न्याय नहीं मिला है। पुलिस ने आरोपी से मिलकर मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी है। डीआईजी ने इस मामले के विवेचक दरोगा को शनिवार को तलब किया है। साथ ही फौजी की पत्नी को भी उसी समय उपस्थित रहने को कहा है।