बांदा। बोलेरो की टक्कर से मां-बेटी समेत तीन घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया। अन्य सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
मटौंध थाना क्षेत्र के गोयरा गांव निवासी गफ्फार (25) पुत्र जब्बार गुरुवार को दोपहर अतर्रा निवासी अपनी बहन जैबुन (40) पत्नी अख्तर और भांजी शबाना (18) के साथ बाइक पर मटौंध इलाज कराने गया था। वापस लौटते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को कानपुर भेज दिया गया। एक अन्य घटना में गुरुवार को गिरवां से बालू लेकर बबेरू जा रहा ट्रक बेर्रांव गांव के पास पलट गया। ट्रक में सवार बहोरापुरवा निवासी मजदूर राजबहादुर (40) पुत्र बाबूलाल दबकर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, गांधी नगर (नरैनी) निवासी मजदूर रामाधार (60) पुत्र देवीदयाल गुरुवार को सुबह ओवरलोड कैंपर जीप से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अन्य घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र के कैरी गांव निवासी श्रीचंद्र (22) पुत्र जगदीश बाइक से गिरकर जख्मी हो गया।
कालिंजर थाना क्षेत्र के सढ़ा गांव निवासी शिव प्रसाद (50) पुत्र बारेलाल टेंपो से उतरते समय बाइक से टकरा कर घायल हो गया। बदौसा निवासी राजगीर सुरेश (24) पुत्र लल्लू काम करने बाइक पर बिसंडा गांव जाते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया।