रायबरेली में सशस्त्र बदमाशों ने एनएसजी कमांडो के की लूटपाट, घर के बाहर लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के बजरंग नगर में बुधवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक एनएसजी कमांडो बृजेंद्र सिंह के घर धावा बोला। बदमाशों ने कमांडो के परिवार के सदस्यों को असलहे के बल पर कमरे के अंदर बंद कर विरोध करने पर गोली मारने की धमकी देते हुए नकदी, जेवरात समेत चार लाख से अधिक का माल लूट लिया।
वारदात की जानकारी से मोहल्ले के लोगों में सनसनी फैल गई। पुलिस ने परिवारीजनों और मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की। पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार करके जल्द वारदात का खुलासा करने का दावा कर रही है।
शहर के बजरंग नगर निवासी बृजेंद्र सिंह एनएसजी कमांडो हैं। मौजूदा समय में उनकी तैनाती हिमाचल प्रदेश में है। घर पर उसकी पत्नी रंजना देवी समेत अन्य परिवारीजन रहते हैं। परिवारीजनों के अनुसार बुधवार रात पत्नी रंजना देवी समेत अन्य परिवारीजन कमरे के अंदर सो रहे थे।
तीन-चार हथियारबंद बदमाशों ने घर पर धावा बोल दिया। असलहे के बल पर सभी को कमरे के अंदर बंद कर घर की लाइट बंद कर दी। विरोध करने पर गोली मार देने की धमकी देते हुए सब को चुप रहने को कहा। इसके बाद बदमाशों ने आलमारी का लॉकर तोड़कर नकदी, व जेवरात समेत चार लाख से अधिक का माल लूट लिया।
लूटे गए सामान में सोने की अंगूठी, जंजीर, मंगलसूत्र, पायल आदि शामिल है। बदमाशों ने अन्य कीमती सामान की तलाश में घर का सामान इधर-उधर फेंक दिया। लूट की वारदात को अंजाम देकर सभी फरार हो गए। सुबह सदर कोतवाल कमलेश पांडेय, इंदिरा नगर चौकी इंचार्ज आशीष द्विवेदी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने पीड़ित परिवार और मोहल्ले के लोगों के बयान दर्ज किए। कमांडो की पत्नी रंजना देवी ने लूट की तहरीर दी है। पुलिस बदमाशों की धरपकड़ का दावा कर रही है। वहीं एसपी हरिनारायण सिंह का कहना है कि बजरंग नगर में हुई लूट की वारदात की जांच कराई जा रही है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द वारदात का खुलासा होगा।