बांदा। नशे में धुत डीडीओ कार्यालय के प्रभारी अधीक्षक (लिपिक) ने राशनकार्ड की फीडिंग कराने विकास भवन आई युवती के साथ छेड़छाड़ की। इससे खफा युवती ने उसकी चप्पलों से पिटाई कर दी। फोन से डीएम को खबर दी। सिटी मजिस्ट्रेट, डीडीओ और नगर क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मामले को संभाला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे निलंबित कर दिया गया है।
महीने का दूसरा शनिवार होने से 14 मई को विकास भवन के दफ्तर बंद थे। आपूर्ति कार्यालय आई महिला को इसकी जानकारी नहीं थी। सुबह 10 बजे विकास भवन के कक्ष संख्या 106 में स्थित आपूर्ति कार्यालय में युवती समेत कई महिलाएं पहुंचीं।
यहां डीडीओ कार्यालय के प्रधान सहायक आरके समुद्रे नशे में टुन्न बैठे थे। महिलाओं ने राशनकार्ड की बात की तो उसने सभी को बैठने को कहा। फिर वृद्ध महिलाओं और पुरुषों को वहां से भगा दिया। साहब तालाब मोहल्ला निवासी दो युवतियों को रोक लिया। राशन कार्ड फीड कराने के बहाने दोनों को सूने पड़े जिला विकास अधिकारी के कार्यालय ले गया। युवती के मुताबिक लिपिक ने कहा ‘तुम हमारा काम करो, हम तुम्हारा काम कर देंगे’।
यह कहकर उसने एक युवती का हाथ पकड़ लिया। युवती ने विरोध किया तो लिपिक ने राशन कार्ड कभी न बनने की धमकी दी। इस पर दोनों युवतियां लिपिक का गिरेबान पकड़कर उसे बाहर घसीट लाईं और चप्पलों से जमकर धुना। डीएम को फोन किया।
जिलाधिकारी योगेश कुमार के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट आरके श्रीवास्तव और डीडीओ श्रीकृष्ण त्रिपाठी, सीओ सिटी प्रभात कुमार आ गए। पुलिस ने लिपिक को हिरासत में ले लिया। उधर, सीओ सिटी प्रभात कुमार ने बताया कि लिपिक नशेड़ी है। कहासुनी हुई है। इसलिए छेड़छाड़ की धारा नहीं बनती। उसका धारा 151 में चालान किया गया है। उधर, डीडीओ श्रीकृष्ण त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी प्रधान लिपिक को निलंबित कर दिया गया है।