चोरी की बाइकों के साथ पकड़े गए चोर।
- फोटो : amarujala
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान में अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 10 बाइकें व असलहा बरामद किया।
विधान सभा चुनाव घोषित होने और आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस ने शराब, अवैध असलहा बरामदगी के साथ बाइक चोरों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक डॉ.श्रीपति मिश्र ने बताया कि नरैनी कोतवाली पुलिस ने सोमवार की रात चेकिंग के दौरान बिल्हरका मोड़ नहर पुलिया के पास छतरपुर जिले के जुडगुडू (थाना बंसिया) गांव निवासी सीताराम पुत्र इंद्रपाल पटेल और सतना (मध्य प्रदेश) के बरौंधा थाना क्षेत्र के नकैला गांव निवासी रज्जू गौतम पुत्र संपत गौतम को गिरफ्तार किया।
सीताराम के कब्जे के 315 बोर तमंचा, कारतूस व चोरी की बाइक बरामद हुई। यह बाइक गोयरा (छतरपुर) थाना क्षेत्र की है। पूछताछ करने पर सीताराम ने मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश के कई स्थानों से चोरी कर इकट्ठा की गई बाइक बरामद कर्राईं। सभी बाइक रानीपुर गांव के पहाड़ में छिपाई गई थीं।
पुलिस के मुताबिक सीताराम के विरुद्ध अधिकांश मुकदमे मध्य प्रदेश की सीमा से लगे कालिंजर व नरैनी कोतवाली क्षेत्र में दर्ज हैं। छतरपुर (मध्य प्रदेश) जिले के गोयरा थाने में भी एक मुकदमा पंजीकृत है। कालिंजर थाने में गैंगेस्टर व एनडीपीसी समेत कई मुकदमें हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम में नरैनी कोतवाली प्रभारी मोहम्मद शरीफ खां, करतल चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह, कांस्टेबिल करन सिंह यादव, करन सिंह परिहार, तसलीम अहमद, गुलाबचंद्र मिश्रा, सोनू यादव आदि शामिल रहे।