बांदा। अतर्रा थाना क्षेत्र के महोतरा गांव में दलित परिवार ने दबंगों पर घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों को पीटने और लूटने का आरोप लगाया है। कहा है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
दलित महिला बुटुवा पत्नी रामभरोसा ने गुरुवार को एसपी को दी अर्जी में कहा है कि मंगलवार को आधी रात सेमरिया गांव का दबंग अपने आधा दर्जन साथियों के साथ घर में घुस आया। एक लाइसेंस बंदूक और अन्य साथी तमंचा व लाठी-डंडे लिए थे। पति के न मिलने पर बुटुवा व उसकी देवरानी दयारानी, भतीजे कमलेश व महेश को जमकर पीटा।
बंधक बनाकर जेवर व पांच हजार रुपये लूट लिए। एक घंटे उत्पात मचाने के बाद दबंग धमकाते हुए भाग निकले। मारपीट में बुटुवा व दयारानी के सिर फट गए। यूपी-100 पुलिस ने घायलों को थाने पहुंचाया, लेकिन थानाध्यक्ष ने बिना तहरीर लिए व डाक्टरी परीक्षण कराए थाने से भगा दिया। उधर, अतर्रा थानाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने आरोपों को निराधार बताया है। कहा कि पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की है। आपसी मारपीट का मामला है। लूटपाट आदि की बात गलत है।