बांदा। डीआईजी और कमिश्नर आवासों की नाकतले बुधवार को सरेशाम एफएम रेडियो रिले सेंटर के अभियंता को तमंचे की नोंक पर लूट लिया गया। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
महोबा जनपद निवासी विनय कुमार अहिरवार बांदा में स्थित आकाशवाणी एफएम रिले सेंटर में वरिष्ठ अभियांत्रिक सहायक पद पर तैनात हैं। वह रोजाना महोबा से यहां आते-जाते हैं।
बुधवार को शाम करीब 7 बजे वह रिले सेंटर से ड्यूटी खत्म कर ट्रेन से महोबा जाने के लिए रेलवे स्टेशन आ रहे थे। तभी कमिश्नर व डीआईजी आवास के नजदीक जंगल विभाग कार्यालय मोड़ पर एक ही बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाश आए और उन्हें तमंचा अड़ा दिया।
उनकी जेब से साढ़े पांच हजार रुपये और दो मोबाइल फोन लूटकर कालूकुआं की ओर भाग निकले। तीनों लुटेरे चेहरे पर कपड़ा बांधे थे। विनय कुमार ने घटनास्थल से चंद कदम दूर पर स्थित सिविल लाइन पुलिस चौकी को तत्काल लिखित सूचना दी। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी।