ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
बैंक में रुपये जमा करने आए एक व्यक्ति को दो युवकों ने चार लाख रुपये की रकम देने का झांसा देकर 50 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित इस्लामनगर निवासी शमीउल्ला बुधवार को बीटी गंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक में 50 हजार रुपये जमा करने आए थे। वह फॉर्म भर रहे थे। तभी एक युवक उनके पास आया और खुद को अशिक्षित बताते हुए चार लाख रुपये जमा करने के लिए फार्म भरने की बात कही। इस पर शमीउल्ला उसका फार्म भरने लगे और उससे बैंक खाता नंबर पूछा। युवक ने खाता नंबर पता नहीं होने की बात कही। तभी एक और युवक उनके पास पहुुंचा और चार लाख रुपये चोरी के बताते हुए पुलिस को बताने की धमकी दी। इस पर खुद को अशिक्षित बताने वाले युवक ने शमीउल्ला 50 हजार रुपये लेकर उस युवक को दे दिया तो वह चला गया। युवक ने शमीउल्ला को 10 हजार रुपये दिए और 40 हजार रुपये घर से लाने की बात कहते हुए नोटों वाला बैग देकर चला गया। शमीउल्ला ने बैग खोला तो ऊपर दो हजार के नोट और नीचे कागज की गड्डी देख उसके होश उड़ गए। शमीउल्ला ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसआई रणजीत तोमर मौके पर पहुंचे और बैंक की फुटेज खंगाली। एसएसआई ने बताया कि आरोपी युवकों की तलाश जारी है।