बांदा/बड़ोखर बुजुर्ग। टीचर के घर ताले तोड़कर चोर एक लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये के जेवर चुरा ले गए। उधर, एसपी के निरीक्षण के कुछ घंटे बाद थाने से चंद कदम दूर बस अड्डे में किराना दुकान में चोरी हो गई।
शहर के कालूकुआं निवासी विभारानी पूर्व माध्यमिक विद्यालय में टीचर हैं। पति अरविंद स्टेट बैंक में फील्ड आफीसर हैं। यह दोनों अहमदाबाद में हैं। पुत्र दर्शित सिंह यहां रह रहा है। सोमवार को वह मानिकपुर चला गया।
तभी सूना मौका पाकर रात में चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अलमारी के लाकर से एक लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये कीमत के जेवर चुरा ले गए।
मंगलवार को सुबह पड़ोसी ने घटना की जानकारी दी। दर्शित ने कोतवाली में तहरीर देकर लगभग तीन लाख रुपये की चोरी बताई है। उधर, गिरवां में पुलिस अधीक्षक के थाना निरीक्षण के चंद घंटे बाद सोमवार की रात बस अड्डे में स्थित कुलदीप गुप्ता की किराना दुकान में चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
चार हजार रुपये समेत हजारों रुपये का किराना चुरा ले गए। बस अड्डे में दो सिपाहियों की ड्यूटी रहती है। उधर, थानाध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
-टीचर के एक लाख रुपये और दो लाख के जेवर पार
-गिरवां थाने से चंद कदम दूर किराना दुकान में चोरी
अमर उजाला ब्यूरो